सरकार ने संसद भवन परिसर से बंदर भगाने के लिए 4 लोगों की नियुक्तियों का एलान किया है.. सुनने में मामला थोड़ा अटपटा सा लगता है लेकिन खबर यही है…
दरअसल, संसद भवन के आसपास के क्षेत्रों में बंदरों ने आतंक मचाया हुआ है। जिससे परेशान होकर संसद सुरक्षा सेवा ने 22 जून को सर्कुलर जारी किया। सर्कुलर के मुताबिक बंदरों के उत्पात को नियंत्रित करने के लिये संसद सुरक्षा सेवा ने चार लोगों को नौकरी पर रखा है। ये सभी चार लोग लंगूर की कॉस्ट्यूम पहनने के साथ साथ उनकी आवाज निकाल कर बंदरो को भगाएंगे।

बता दे कि पहले बंदरों को भगाने के लिये लंगूर को रखा जाता था लेकिन अब इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
संसद सुरक्षा सेवा के सर्कुलर में यह भी कहा गया है कि खानपान की बची हुई चीजों को कूड़ेदान और खुले में फेंकना बंदरों, बिल्लियों और चूहों को आकर्षित करने का एक प्रमुख कारण हो सकता है। इसके साथ ही सर्कुलर में सभी पक्षों को सुझाव दिया है कि वे खानपान की बची हुई चीजें इधर उधर ना फेंके।
बात कर्मचारियों की सैलरी की करें तो नौकरी पर रखे गए कर्मचारी ने बताया कि बंदरों को भगाने के लिये दो तरह के कर्मियों को रखा जाता है। इसमें एक श्रेणी कुशल और दूसरी अकुशल कर्मी की है। कुशल कर्मियों को 17,990 रूपये और अकुशल कर्मियों को 14,900 रूपये प्रतिमाह का वेतन दिया जाएगा।