
नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर यो यो हनी सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। उनकी पत्नी शालनी तलवार ने उनके व पूरे परिवार के खिलाफ घरेलू हिंसा रोकथाम कानून के तहत अदालत में याचिका दाखिल कर उन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। अदालत ने इस मामले में अभिनेता हिरदेश सिंह उर्फ हनी सिंह एवं अन्य को नोटिस जारी कर उनसे जबाव मांगा है।
तीस हजारी मे स्थित चीफ मजिस्ट्रेट तान्या सिंह ने इस मामले में गायक हनी सिंह को पेश होकर जवाब देने को कहा। याचिका में तलवार ने आरोप लगाया है कि वह अपने आप को बंद जानवर की तरह महसूस करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ घर में क्रूर व्यवहार होता है। उनकी पत्नी से अधिवक्ता संदीप कपूर और अपूर्ण पांडे ने अदालत को बताया कि शादी के बाद से ही उनके मुवक्किल के साथ मारपीट किया जाता था। इस मामले में अदालत ने हनी सिंह को नोटिस भी भेजा।