
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। 10 महीने पूरे होने पर केंद्र सरकार के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा ने आज यानी 27 सितंबर को ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है। पंजाब, हरियाण, दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में सुबह से ही किसानों का प्रर्दशन जारी है। किसानों का यह प्रर्दशन सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। दिल्ली की सीमाओं पर पहले से ही हज़ारों किसान डटे हुए हैं। ऐसे में अब भारत बंद बुलाने के कारण दिल्ली, यूपी और आसपास के क्षेत्र में जाम की स्थिति है। दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर से सोमवार सुबह हैरान करने वाली तस्वीर आई। यहां बॉर्डर पर गाड़ियों की लंबी कतारे देखने को मिली। सिर्फ दिल्ली-गुरुग्राम ही नहीं बल्कि दिल्ली-नोएडा-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर भी लंबा जाम लगा है। सुबह से ही डीएनडी पर गाड़ियों की कतार लगी है। भारत बंद के कारण लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देशव्यापी हड़ताल के दौरान पूरे देश में सभी सरकारी और निजी कार्यालय, शैक्षणिक और अन्य संस्थान, दुकानें, उद्योग और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान के साथ-साथ सार्वजनिक कार्यक्रम और अन्य कार्यक्रम बंद रहेंगे। हालांकि, अस्पताल, मेडिकल स्टोर, राहत और बचाव कार्य सहित सभी आपातकालीन प्रतिष्ठानों और आवश्यक सेवाओं व व्यक्तिगत आपात स्थितियों में भाग लेने वाले लोगों को छूट दी जाएगी। पिछले साल नवंबर से दिल्ली की सीमाओं और देश के विभिन्न हिस्सों, विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान, विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, सरकार तीन कानूनों को प्रमुख कृषि सुधारों के रूप में पेश कर रही है। दोनों पक्षों के बीच 10 दौर से अधिक की बातचीत भी गतिरोध को तोड़ने में विफल रही है।