यात्रियों की बढ़ी मुसीबत, कई जगहों पर रेल यातायात बाधित
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। प्रदर्शन की वजह से सड़कों पर कई जगह यातायात बाधित हुआ है तो वहीं दूसरी ओर कई ट्रेनें भी हड़ताल की वजह से कैंसिल हो गई हैं। पंजाब, हरियाणा, अंबाला की ओर से आने वाली ट्रेनों पर इसका खासा असर पड़ा है।
चार शताब्दी ट्रेनें कैंसिल
बंद की वजह से चार शताब्दी ट्रेनों को कैंसिल करना पड़ा है। भारतीय रेलवे के अनुसार बंद का असर रेल सेवाओं पर पड़ा है। इसका अधिक असर पंजाब और हरियाणा की ओर से दिल्ली आने वाली ट्रेनों पर पड़ा है। कई जगहों पर रेल यातायात बाधित हुआ है। साथ ही चार शताब्दी ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है।
गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाली सड़क बंद
बंद का असर दिल्ली मेट्रो के सेवाओं पर भी पड़ा है। कुछ स्टेशनों को बंद करना पड़ा हालांकि कुछ देर बाद इन्हें खोल दिया गया। भारत बंद की वजह से गाजीपुर बॉर्डर को बंद कर दिया है। गाजियाबाद से दिल्ली की ओर आने वाली सड़क बंद है। वहीं दूसरी ओर किसान नेताओं का कहना है कि हमारे आंदोलन को लगभग चार महीने पूरे हो गए हैं। भारत बंद में हमें लोगों, व्यापारियों, ट्रांसपोर्टर का सहयोग मिल रहा है। इससे सरकार को संदेश जाएगा।