
नई दिल्ली। बॉलीवुड के जाने माने गीतकार मनोज मुंतशिर इन दिनों विवादों मे घिर गए है। उन पर कविता चोरी का आरोप लगाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स मनोज मुंतशिर की आलोचना कर रहे हैं। उनकी एक कविता ‘मुझे कॉल करना’ पर विवाद गरमाया हुआ है। ये कविता मनोज मुंतशिर की 2018 में आई बुक ‘मेरी फितरत है मस्ताना’ में छपी थी। ये कविता पढ़ने के बाद लोगों का आरोप है कि मनोज की ये कविता ऑरिजनल नहीं है। इसके बाद से ही वह लोगों के निशाने पर थे। लेकिन अब उन पर एक और आरोप लगाया जा रहा है कि उन्होंने फिल्म ‘केसरी’ के गाने ‘तेरी मिट्टी’ को एक पाकिस्तानी सॉन्ग से कॉपी किया है।
सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही है कि उन्होंने ‘तेरी मिट्टी’ को साल 2005 में आए एक पाकिस्तानी गाने से चुराया है। अब यह सवाल उठ रहा हैं कि आखिर मनोज मुंतशिर मामला सामने आने के बाद कोई सफाई क्यों नहीं दे रहे हैं। हांलाकि बीती रात उन्होंने एक ट्वीट जरूर किया। जिसमें उन्होंने लिखा था कि 200 पन्नों की किताब और 400 फिल्मी और गैर फिल्मी गाने मिलाकर सिर्फ 4 लाइनें ढूंढ पाए? इतना आलस? और लाइनें ढूंढो, मेरी भी और बाकी राइटर्स की भी फिर एक साथ फ़ुरसत से जवाब दूंगा।
बता दें कि मनोज मुंतशिर की किताब ‘मेरी फितरत है मस्ताना’ का प्रकाशन वाणी प्रकाशन ने किया था। विवाद को बढ़ता देख वाणी प्रकाशन की तरफ से अदिति माहेश्वरी ने बयान देते हुए कहा कि, हम इस मामले में लेखक के ऑफिशिल बयान का इंतजार करेंगे।