
नई दिल्ली। रामानंद सागर की ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने वाले दिग्गज एक्टर अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार रात मुंबई में निधन हो गया। वह 82 साल के थे। अरविंद त्रिवेदी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछली रात हार्ट अटैक आने की वजह से उनका निधन हो गया। एक्टर की मौत की पुष्टि उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने की है। अरविंद के निधन पर उनके साथ काम कर चुके स्टार्स ने शोक जताया है।
बता दें कि अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफवाहें कई बार उड़ीं। साल 2019 में मई के महीने में अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफवाह आग की तरह फैल गई थी। तब उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने ट्विटर पर उसका खंडन किया था और फेक न्यूज न फैलाने की अपील की थी।वहीं बीते साल एक बार फिर जब अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफवाह फैली तो ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने उन अफवाहों का खंडन किया था। उनके साथ-साथ परिवार के लोगों ने भी अफवाह फैलाने वालों को करारा जवाब दिया था।