खेल मंत्री ने की ओलंपिक के लिए भारतीय एथलीटों की तैयारी की समीक्षा
नई दिल्ली। तोक्यो ओलंपिक के आयोजन में अब जब तीन महीने से कुछ अधिक का समय बचा है तब खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और राष्ट्रीय खेल महासंघों के शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करके खिलाड़ियों की तैयारियों का जायजा लिया। बुधवार को हुई इस बैठक में भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के शीर्ष अधिकारियों, आईओए अध्यक्ष नरिंदर बत्रा, महासचिव राजीव मेहता और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के प्रमुख आदिले सुमारिवाला ने हिस्सा लिया।
रिजिजू ने ट्वीट किया, ‘अधिकारियों और भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा, महासचिव राजीव मेहता और अन्य सदस्यों के साथ साइ मुख्यालय में ओलंपिक की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले अपने खिलाड़ियों का संक्षिप्त और आकर्षक वीडियो बनाएंगे।’ पता चला है कि बैठक के दौरान भारतीय खिलाड़ियों की टोक्यो खेलों की तैयारियों की नियमित समीक्षा की गई। टोक्यो खेलों का आयोजन 23 जुलाई से आठ अगस्त के बीच होना है। सूत्रों के अनुसार ओलंपिक के लिए जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों को कोविड-19 टीका लगाने के मुद्दे पर बैठक में चर्चा नहीं की गई।