मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई तक वर्षा से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को शिमला, बिलासपुर और सोलन में कई स्थानों पर भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने 16 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई तक वर्षा से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
भारी वर्षा का क्रम प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जारी रहेगा। वर्षा के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना व धौलाकुआं में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, मानसून के मौसम में भारी बारिश ने जान-माल को प्रभावित किया है और 20 जून से 15 जुलाई तक 106 लोगों की मौत हुई है। कुल मौतों में से 62 मौतें सीधे तौर पर बारिश से संबंधित आपदाओं जैसे भूस्खलन, अचानक बाढ़, बादल फटने, डूबने, बिजली का झटका लगने और गिरने से हुई हैं, जबकि इसी अवधि के दौरान 44 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें बताया कि राज्य को अचानक आई बाढ़ और बादल फटने से लगभग 1000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।