Skip to main content

newjport.com

( महावीर स्वामी के 2550वें निर्वाण कल्याणक,अहिंसा वर्ष में सभी का जीवन अहिंसामय हो – डॉ. इन्दु जैन राष्ट्र गौरव )


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के 76वें बलिदान दिवस एवं शहीद दिवस समारोह के अंतर्गत प्रातः समाधि स्थल, राजघाट एवं दिन में गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति, तीस जनवरी मार्ग ,नई दिल्ली में सर्वधर्म प्रार्थना एवं भक्ति संगीत का आयोजन किया। राजघाट में सुबह की सभा में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी , उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ जी, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी , रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह जी, तीनों सेना अध्यक्षों एवं कई विशिष्ट व्यक्तियों ने राजघाट में स्थित बापू की समाधि पर श्रृद्धा सुमन अर्पित किए तथा भारतीय सेना पद्धति के अनुसार शहीदों को सलामी दी । इस श्रद्धांजलि सभा में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में धार्मिक प्रार्थनाओं के पश्चात् डॉ. इन्दु जैन राष्ट्र गौरव ने गांधी जी के मुख्य विचारों को अभिव्यक्त किया एवं रीतेश-रजनीश मिश्र ने रामधुन प्रस्तुत की।


मध्याह्न गांधी स्मृति में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ जी, संस्कृति मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी, सांसद डॉ. हर्षवर्धन जी , गाँधी स्मृति के उपाध्यक्ष श्री विजय गोयल जी , देश-विदेश से पधारे अतिथिगण एवं सभी विशिष्ट जनों ने बापू की समाधि पर पुष्प अर्पित करके उन्हें नमन किया। प्रार्थना सभा में अंगवस्त्र द्वारा सभी धर्म प्रतिनिधियों के साथ ही जैन प्रतिनिधि डॉ. इन्दु जैन का सम्मान किया गया । विश्व शांति की भावना से “जैन प्रार्थना” के अंतर्गत डॉ. इन्दु जैन राष्ट्र गौरव द्वारा “णमो जिणाणं-जय जिनेन्द्र-जय ऋषभदेव-जय महावीर” के उद्घोष के साथ ही प्रार्थना का शुभारंभ किया। डॉ. इन्दु ने तीर्थंकर महावीर स्वामी के 2550वें निर्वाण कल्याणक उत्सव,अहिंसा वर्ष पर समस्त विश्व के लोगों का जीवन अहिंसामय होने की भावना प्रकट करते हुए सर्वप्राचीन प्राकृत भाषा में एवं संस्कृत भाषा में महावीराष्टक स्तोत्र के रूप में महावीर स्वामी की स्तुति का स्वर वाचन किया जो पूरे वातावरण में गूँज गया। ज्ञातव्य है कि अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन विद्वत् परिषद की सम्मानित सदस्या डॉ. इन्दु अनेक प्रतिष्ठित संस्थाओं से जुड़कर, बड़ों के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में जैनधर्म का प्रतिनिधित्व करते हुए धर्मप्रभावना कर रही हैं।


सर्वधर्म प्रार्थना एवं सुविख्यात गायिका साधना सरगम के सुमधुर भक्ति संगीत एवं बच्चों के समूह गान के पश्चात् माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं उपराष्ट्रपति श्री उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ जी ने सभी धर्म के प्रतिनिधियों का अभिवादन किया। अभिवादन के क्रम में जब माननीय प्रधानमंत्री जी से डॉ. इन्दु जैन ने णमो जिणाणं-जय जिनेन्द्र करके अभिवादन किया तो माननीय प्रधानमंत्री जी ने भी सहर्ष अभिवादन स्वीकार किया। श्रद्धांजलि सभा में सर्वधर्म प्रार्थना सभा के अंतर्गत जैन, बौद्ध, ईसाई, पारसी,बहाई,यहूदी,मुस्लिम,सिक्ख,हिन्दु सभी धर्म के प्रतिनिधियों ने बापू को नमन करते हुए विश्व शांति की भावना से प्रार्थनाएं कीं। गांधी जी की स्मृति में आयोजित संगीतमय भावांजलि, सर्वधर्म प्रार्थना एवं भक्ति संगीत का सीधा प्रसारण दूरदर्शन, आकाशवाणी एवं विभिन्न समाचार चैनल के माध्यम से लाखों लोगों तक पहुँचा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *